उत्तराखंड में मंदिरों के जीर्णोद्धार से लेकर सड़कों तक, सीएम की घोषणाओं को मिली मंज़ूरी

देहरादून । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी घोषणाओं को धरातल पर उतारते हुए विभिन्न योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन योजनाओं के लिए शासनादेश भी जारी कर दिए गए हैं, जिससे जल्द ही कार्यों का क्रियान्वयन शुरू होगा।

चमोली और पिथौरागढ़ को मिला विकास पैकेज

चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में भराड़ीसैंण स्थित सारकोट के पौराणिक क्वाठा का जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण के लिए 47.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र में जमराडी से मेल्टीनाथ होते हुए थलकेदार तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा पाभें में खेल मैदान के विस्तारीकरण हेतु 68.59 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके पहले चरण में 41.15 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं।

चम्पावत को मिला सैनिक स्मारक और सीएससी केंद्र

मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत चम्पावत जिले के बनबसा में सैनिक स्मारक निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पहली किश्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त जिले की 10 सहकारी समितियों में आधार/सीएससी केंद्रों की स्थापना हेतु 60 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।

अल्मोड़ा और देहरादून में धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण

अल्मोड़ा जिले के रानीखेत में मानिला देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं पाताल देवी मंदिर, ग्राम शैली के जीर्णोद्धार हेतु 87.95 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है, जिसमें से 52.77 लाख रुपये की पहली किश्त जारी की गई है।

देहरादून जिले के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में हैस्को गांव के पास वन क्षेत्र को नेचर पार्क के रूप में विकसित करने के लिए भी 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना की पहली किश्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी हो चुके हैं।

रुद्रपुर में सड़कों का सुधार

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर नगर निगम क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के सुधार के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पहली किश्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी कर शासनादेश जारी हो चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.