प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर विपक्षी दलों के राजनीतिक हमले तेज
प्रधानमंत्री गयाजी का दौरा नीतीश के "पिंडदान" के लिए कर रहे हैं
पटना। बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर विपक्षी दलों ने राजनीतिक हमले तेज कर दिए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पीएम मोदी पर तीखा तंज कसते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री गयाजी का दौरा सीएम नीतीश कुमार और उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के “पिंडदान” के लिए कर रहे हैं।
लालू यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि नीतीश कुमार अब राजनीतिक रूप से पूरी तरह कमजोर हो चुके हैं और जनता उनके नेतृत्व को नकार चुकी है। ऐसे में पीएम मोदी का यह दौरा JDU के राजनीतिक भविष्य के लिए अंतिम संस्कार की तरह साबित होगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता में बने रहने के लिए कई बार पलटी मारी, लेकिन अब जनता उन्हें अच्छी तरह समझ चुकी है।
आरजेडी प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी बिहार की जनता की असली समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार, महंगाई और किसानों की परेशानियों जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए गयाजी में राजनीतिक मंच सजाया जा रहा है।
लालू यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बीजेपी और जेडीयू नेताओं ने लालू के इस बयान को उनकी बौखलाहट करार दिया है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा विकास योजनाओं और केंद्र सरकार की नीतियों को जनता तक पहुँचाने के लिए है, जबकि विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इस दौरे में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वहीं, गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि लालू यादव के इस तंज का जनता और विपक्षी राजनीति पर कितना असर पड़ता है।