भारतीय गगनयात्री शुभांशु शुक्ला का भारत लौटने पर भव्य स्वागत

भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। नासा के एक्सिओम-4 निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा रहे भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और पायलट शुभांशु शुक्ला रविवार तड़के भारत लौट आए। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किसी राष्ट्रीय उत्सव से कम नहीं रहा।

एयरपोर्ट पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। सभी ने गगनयात्री शुक्ला और उनके साथ लौटे गगनयान मिशन के बैकअप अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बालकृष्णन नायर का ताली-गगनभेदी नारों से अभिनंदन किया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “भारत का अंतरिक्ष गौरव भारतीय धरती को छू गया क्योंकि भारत माता के प्रतिष्ठित सपूत शुभांशु शुक्ला आज तड़के सुबह दिल्ली पहुंचे।” वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि यह पल हर भारतीय के लिए गर्व का है।

माना जा रहा है कि शुभांशु शुक्ला आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे अपने गृहनगर लखनऊ रवाना होंगे, जहां उनका पारंपरिक स्वागत होगा।

बता दें कि शुभांशु शुक्ला 25 जून को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुए थे और 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से जुड़े थे। इस मिशन में वे लगभग 18 दिन रहे और अपने अंतरराष्ट्रीय साथियों के साथ 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोगों में शामिल हुए। इसके अलावा उन्होंने करीब 20 जनसंपर्क सत्रों के जरिए दुनिया के विभिन्न देशों के छात्रों से संवाद भी किया।

15 जुलाई को पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी के बाद वे अमेरिका में ही औपचारिकताओं और वैज्ञानिक रिपोर्टिंग में व्यस्त थे। अब उनकी स्वदेश वापसी पर पूरा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अनुभव आने वाले गगनयान मिशन*के लिए भी भारत के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.