स्वतंत्रता दिवस पर सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, स्कूल से लेकर आपदा प्रबंधन तक नए फैसले

देहरादून के परेड ग्राउंड में 79वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पुलिस एवं फायर सर्विस के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान मिला, जिनमें प्रिया राणा, मनीषा चौहान, राहुल सरनालिया, अमीषा चौहान, विशम कश्यप, अमित बेलवाल और महक चौहान शामिल रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में मिड-डे मील योजना के तहत गैस सिलेंडर और चूल्हा नहीं हैं, वहां राज्य सरकार दो गैस सिलेंडर और एक चूल्हा उपलब्ध कराएगी। पेयजल संकट वाले विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 हैंडपंप लगाए जाएंगे। साथ ही, ग्राम चौकीदार और ग्राम प्रहरी के मानदेय में 1,000 रुपये तथा सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में 2,000 रुपये की वृद्धि होगी।

राज्य में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जनपद में विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित होंगे, जिनका संचालन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय करेगा। गंगोत्री ग्लेशियर सहित प्रदेश के हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन होगा और आपदा प्रबंधन विभाग को प्रीडेक्टिव व प्रोएक्टिव क्षमता से मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली सहित आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित सभी विभागों की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुनर्वास कार्य तेज गति से पूरे किए जाएंगे।

सीएम धामी ने देश की 78 वर्षों की यात्रा को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.