शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा पर 60 करोड़ की ठगी का आरोप, ईओडब्ल्यू की जांच शुरू

 

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी ने दोनों पर करीब 60.48 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। मामला उनकी अब बंद हो चुकी कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है।

शिकायत के मुताबिक, यह धोखाधड़ी 2015 से 2023 के बीच हुई। कोठारी का दावा है कि राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने बिजनेस विस्तार के नाम पर उनसे भारी निवेश लिया, लेकिन इस धनराशि का इस्तेमाल निजी खर्चों में किया गया। शुरुआत में कारोबारी की मुलाकात राज और शिल्पा से राजेश आर्या नामक व्यक्ति ने करवाई थी। उस समय दोनों कंपनी के डायरेक्टर थे, जो एक होम शॉपिंग और ऑनलाइन रिटेल प्लेटफॉर्म चलाती थी।

कोठारी का आरोप है कि राज और शिल्पा ने उनसे 75 करोड़ रुपये का लोन लिया था, जिस पर 12 प्रतिशत ब्याज चुकाना था। लेकिन ब्याज से बचने के लिए इस रकम को निवेश के रूप में दिखाया गया। दोनों ने उन्हें हर महीने भुगतान करने का वादा किया, लेकिन पैसा वापस नहीं किया गया। इस लेन-देन में शिल्पा गवाह के तौर पर मौजूद थीं, हालांकि सितंबर 2016 में उन्होंने अचानक कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया।

व्यापारी का कहना है कि बाद में उन्हें शिल्पा और राज के पहले के कथित कारनामों की जानकारी मिली और यह भी पता चला कि उनकी कंपनी पहले से ही दिवालियापन की प्रक्रिया में थी।

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने मामले की प्रारंभिक जांच के बाद IPC की धारा 403, 406 और 34 के तहत शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

गौरतलब है कि शिल्पा और राज इससे पहले भी कई बार विवादों में घिर चुके हैं और यह मामला एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ले आया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.