हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, क्योंकि नदी-नालों का पानी डाउनस्ट्रीम से होते हुए रिहायशी क्षेत्रों में घुस रहा है। लोगों के घरों और गलियों में पानी भरने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान और नगर आयुक्त ऋचा सिंह अपनी नगर निगम टीम के साथ लगातार ग्राउंड पर मौजूद हैं। वे प्रभावित इलाकों में जाकर हालात का जायजा ले रहे हैं और तत्काल राहत कार्य सुनिश्चित कर रहे हैं। दमूवाढुंगा, चौंफला समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी मशीनों की मदद से पानी की निकासी का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि नगर निगम के सफाईकर्मी और अधिकारी पूरे संसाधनों के साथ तैनात हैं। जैसे ही जलभराव या किसी अवरोध की सूचना मिल रही है, वहां तुरंत टीम भेजी जा रही है ताकि पानी की निकासी समय रहते हो सके और लोग राहत महसूस कर सकें। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद नगर निगम कर्मी पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।
वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने बताया कि बरसात को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है। आपदा प्रबंधन टीम के साथ मिलकर हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की आपदा संबंधी सूचना पर तुरंत रिस्पॉन्स किया जा रहा है ताकि नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बरसात के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलें और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। साथ ही, नालों और नदी किनारों के पास जाने से भी बचने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के बीच नगर निगम और प्रशासन का यह सक्रिय रुख लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है।