लैंसडाउन। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने स्थानीय विधायक दिलीप रावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों की कथित खरीद-फरोख्त क्षेत्र के विकास के लिए घातक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जयहरीखाल की नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य ज्योति पटवाल को “बहुत ही बेशर्मी” के साथ भाजपा में शामिल किया गया, जो खरीद-फरोख्त की राजनीति का भद्दा उदाहरण है।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा, “रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर एक बहन का इस तरह के घिनौने खेल में शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे राजनीति में शुचिता, मर्यादा और विकास की राजनीति को गहरा आघात पहुंचेगा।”
उन्होंने विधायक दिलीप रावत की शैली की तुलना फिल्मों के “अमरीश पुरी टाइप गुंडों” से करते हुए कहा कि यह आचरण जनप्रतिनिधि के स्तर को गिराने वाला है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि अफवाहों के अनुसार, जिला पंचायत सदस्यों को 30-30 लाख रुपये में खरीदा जा रहा है, जबकि बीडीसी सदस्यों का ‘रेट’ 5 लाख रुपये प्रति सदस्य बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।
धीरेंद्र प्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक द्वारा बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों को नेपाल, गोवा और मसूरी घुमाने के बहाने ले जाया जा रहा है, जो भ्रष्टाचार का एक और उदाहरण है।