धराली आपदा: 80 लोग सुरक्षित, ड्रोन से हो रही दुर्गम क्षेत्रों की सर्चिंग

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में धराली आपदा के चौथे दिन राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं। शुक्रवार सुबह तक 80 लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकालकर आईटीबीपी मातली हेलीपैड पर पहुंचाया गया, जहां से उन्हें उनके गंतव्य तक भेजा जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर राहत दलों के साथ स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, यूकाडा के हेलीकॉप्टर सुबह से ही फंसे लोगों को निकालने के साथ-साथ उपकरण और खाद्य सामग्री भी पहुंचा रहे हैं। सुबह साढ़े नौ बजे तक 39 हेलीकॉप्टर sorties हुईं। इसमें 33 लोगों को मातली से हर्षिल भेजा गया, साथ ही 3 स्नाइफर डॉग्स और खाद्य सामग्री भी पहुंचाई गई। हर्षिल से 67 लोगों को मातली लाया गया और नेलांग में भी खाद्य सामग्री भेजी गई।

एसडीआरएफ की ड्रोन विशेषज्ञ टीम ने हर्षिल और धराली के आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। यह ड्रोन सर्वे उन कठिन क्षेत्रों में किया गया जहां भूस्खलन और मलबे के कारण ज़मीनी पहुंच लगभग असंभव है। इसका उद्देश्य फंसे या लापता लोगों का पता लगाना और बचाव रणनीति को और प्रभावी बनाना है।

मुख्यमंत्री धामी ने डीजी आईटीबीपी, डीजी एनडीआरएफ, और डीजीपी उत्तराखंड पुलिस के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर रेस्क्यू अभियान की प्रगति और चुनौतियों की समीक्षा की। उन्होंने दलों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए ताकि राहत कार्य और तेज़ी से हो सके।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री रमेश कुमार सुधांशु और सचिव गृह शैलेश बगौली राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से पूरे ऑपरेशन पर नज़र रख रहे हैं। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार समन्वय में जुटे हैं।

नागरिक उड्डयन सचिव सचिन कुर्वे सहस्त्रधारा हेलीपैड से हवाई ऑपरेशन का संचालन कर रहे हैं और यूकाडा तथा एयरफोर्स के साथ मिलकर हेलीकॉप्टर संचालन में आ रही दिक्कतों का समाधान किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.