उत्तरकाशी जनपद के धराली और हर्षिल क्षेत्र में आई विनाशकारी आपदा के बाद आज शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि लापता लोगों की खोज में तेजी लाई जाए, क्योंकि यही इस समय विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
DGP सेठ ने मौके पर मौजूद पुलिस, एसडीआरएफ, फायर और अन्य आपदा एजेंसियों के साथ चर्चा कर रेस्क्यू कार्यों की प्रगति जानी और उन्हें विषम परिस्थितियों में भी अधिक समर्पण और समन्वय के साथ काम करने को कहा।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश और खराब मौसम के बावजूद राहत टीमें लगातार प्रयासरत हैं। इस स्थिति में हम सबको एक बेहतर कार्य योजना और मजबूत टीम वर्क के साथ काम करना होगा ताकि घायलों, फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके और लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजा जा सके।
DGP ने आपदा प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार और पुलिस प्रशासन हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं। इसके बाद उन्होंने उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में पुलिस लाइन सभागार में बैठक कर अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली और रेस्क्यू अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली जानकारियां शेयर कर रहे हैं , जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति बन रही है। ऐसे लोगों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे, जिनमें अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना एपी अंशुमान , पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसडीआरएफ अरुण मोहन जोशी, एसपी उत्तरकाशी सरिता डोबाल, पीके राय, श्वेता चौबे, सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
DGP ने अंत में यह स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन में देरी नहीं होनी चाहिए और हर टीम को अपने स्तर पर तत्परता से कार्य करना होगा, ताकि त्रासदी के बीच पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।