washington। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर टैरिफ बढ़ाने की घोषणा के बाद, संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत और भारतीय मूल की नेता निक्की हेली ने ट्रंप को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि भारत जैसे मजबूत सहयोगी से संबंध बिगाड़ना अमेरिका के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
निक्की हेली ने टैरिफ को लेकर ट्रंप की नीति को दोहरा बताया और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “भारत को रूस से तेल नहीं खरीदना चाहिए, लेकिन चीन को रूस और ईरान से तेल आयात करने पर 90 दिनों की टैरिफ छूट मिल रही है। यह दोहरा रवैया ठीक नहीं।” उन्होंने आगे कहा कि भारत पर दबाव बनाकर अमेरिका चीन को फायदा पहुंचा रहा है।
उधर, ट्रंप ने मंगलवार को एक बार फिर कहा कि भारत रूसी तेल खरीद कर रूस की “वॉर मशीन” को सहयोग दे रहा है और उन्होंने अगले 24 घंटे में भारत पर टैरिफ और बढ़ाने की बात दोहराई। लेकिन जब भारत की तरफ से यह तर्क दिया गया कि अमेरिका और यूरोपीय संघ खुद रूस से व्यापार कर रहे हैं, तो ट्रंप ने जवाब में कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और वे इस विषय की जांच करेंगे।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भी भारत पर निशाना साधते हुए कहा था कि भारत को यूक्रेन में हो रही मौतों की कोई परवाह नहीं है, इसलिए टैरिफ बढ़ाना जरूरी है।
भारत सरकार ने इन बयानों को गैरवाजिब और तर्कहीन करार देते हुए कहा कि अमेरिका खुद रूस से फर्टिलाइजर और केमिकल्स जैसे उत्पाद आयात कर रहा है, ऐसे में भारत को निशाना बनाना बिल्कुल भी न्यायोचित नहीं है।