बारिश से क्षतिग्रस्त फसलों के नुकसान का जल्द करें आकलन: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून ।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की स्थिति को देखते हुए वे अपनी पूरी टीम के साथ ग्राउंड ज़ीरो पर उपस्थित रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलों को हुई क्षति का शीघ्र आकलन किया जाए और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव उपाय किए जाएं।

मुख्यमंत्री वर्चुअल समीक्षा बैठक के दौरान सभी जिलों के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सड़कों, पेयजल और विद्युत लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने, ग्रामीण क्षेत्रों में वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने और सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

धामी ने कहा कि जिन लोगों ने गलत तरीके से राशन, आधार, वोटर या आयुष्मान कार्ड प्राप्त किए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही ‘ऑपरेशन कालनेमी’ के अंतर्गत आस्था की आड़ में जनता को गुमराह करने वालों पर भी नियमित कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने को कहा, जिसमें दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, उपकरणों की स्थिति और स्वच्छता शामिल है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी अस्पतालों का औचक निरीक्षण करेंगे।

साथ ही, मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और आमजन को इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को जनजागरूकता से जोड़ने को कहा।

मुख्यमंत्री धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के सफल संचालन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, प्रशासनिक अधिकारियों व सुरक्षा बलों को धन्यवाद भी दिया।

इस बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.