भारत पर अमेरिकी टैरिफ को बताया बड़ी रणनीतिक चूक! कनाडाई दिग्गज ने दी ट्रंप को चेतावनी
‘भारत से मत उलझो!’—कनाडा के कारोबारी की ट्रंप को खुली सलाह, मोदी को बताया वैश्विक नेता
नई दिल्ली: अमेरिका की ओर से भारत पर 25 फीसदी टैरिफ और रूस से तेल आयात पर अतिरिक्त टैक्स लगाने की घोषणा ने वैश्विक आर्थिक हलकों में हलचल मचा दी है। इस फैसले को लेकर अब कनाडा के मशहूर कारोबारी और टेस्टबेड कंपनी के चेयरमैन किर्क लुबिमोव ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
लुबिमोव ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाने पर लेते हुए कहा कि भारत पर टैरिफ लगाना अमेरिका की एक दीर्घकालिक रणनीतिक चूक है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में लिखा कि भारत इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वैश्विक मंच पर सबसे सम्मानित नेताओं में शुमार हैं।
उन्होंने ट्रंप की टैरिफ नीति को “जियोपॉलिटिकल रणनीति से अंधी” बताया और कहा कि भारत से टकराव का मतलब है—अपने ही भविष्य की संभावनाओं को कमजोर करना। लुबिमोव ने सलाह दी कि अमेरिका को भारत के साथ सख्त नीति के बजाय सहयोग का रास्ता अपनाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को चीन और ब्रिक्स देशों के बढ़ते प्रभाव को संतुलित करने की रणनीति बनानी चाहिए, न कि भारत जैसे संभावित साझेदार से टकराव मोल लेना चाहिए। भारत, ब्रिक्स का हिस्सा होते हुए भी अमेरिका का स्वाभाविक सहयोगी बन सकता है, खासकर उस समय जब दुनिया भर के उद्योग चीन से उत्पादन हटाने की कोशिश कर रहे हैं।
कनाडा के कारोबारी ने यह भी सुझाव दिया कि अमेरिका, भारत और कनाडा मिलकर एक मजबूत वैश्विक साझेदारी बना सकते हैं, जिसमें कनाडा प्राकृतिक संसाधनों की आपूर्ति में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि “दुनिया लॉन्ग टर्म विज़न से चलती है, अमेरिका को भी अब यही समझना होगा।”