मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर शौर्य प्रताप बिष्ट को किया सम्मानित

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर उत्तराखंड के प्रतिभाशाली छात्र और वन्यजीव फोटोग्राफर शौर्य प्रताप बिष्ट ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शौर्य की रचनात्मक वन्यजीव फोटोग्राफी की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शौर्य प्रताप बिष्ट ने मुख्यमंत्री धामी को अपनी खींची हुई कुछ दुर्लभ और आकर्षक वन्यजीव तस्वीरें भेंट कीं, जिन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रदर्शित किया जाएगा। इन तस्वीरों में उत्तराखंड की जैव विविधता और विशेष रूप से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क की जीवंतता को बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवा फोटोग्राफर्स का इस तरह से प्रकृति और वन्य जीवन के प्रति रुझान सराहनीय है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शौर्य जैसे युवाओं की रचनात्मकता और संवेदनशीलता समाज को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने शौर्य को और अधिक समर्पण व प्रतिबद्धता के साथ अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को हरसंभव प्रोत्साहन और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

शौर्य प्रताप बिष्ट, जो वन्यजीव संरक्षण और फोटोग्राफी के क्षेत्र में एक उभरता हुआ नाम बन चुके हैं, ने मुख्यमंत्री से मुलाकात को प्रेरणादायक बताया और आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर काम करने के लिए ऊर्जा प्रदान करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.