उद्यमशाला योजना दे रही है सपनों को उड़ान, बागेश्वर में युवाओं को मिल रहा नया संबल

बागेश्वर। यदि आप एक सफल उद्यमी बनने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उद्योगों की तकनीकी जानकारी या मार्गदर्शन की कमी के कारण कदम नहीं बढ़ा पा रहे हैं, तो अब आपके सपनों को उड़ान देने का काम कर रही है मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना। यह योजना न केवल युवाओं को उद्यमिता की दिशा में प्रेरित कर रही है, बल्कि उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण और आवश्यक दस्तावेजी सहायता भी उपलब्ध करवा रही है।

बागेश्वर जिले में यह योजना तेजी से लोगों की उम्मीदों पर खरी उतर रही है। योजना के अंतर्गत इच्छुक प्रतिभागियों को उनकी रुचि के अनुसार उद्यम स्थापित करने के लिए तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण में उन्हें उत्पाद तैयार करने, ब्रांडिंग, मार्केटिंग, पैकेजिंग और बिक्री से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाती है। साथ ही, व्यवसाय के लिए जरूरी उद्यम आधार, एफएसएसएआई (खाद्य सुरक्षा) लाइसेंस, और अन्य आवश्यक ऑनलाइन प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी भी दी जाती है।

सपनों से हकीकत तक की यात्रा
योजना का मकसद सिर्फ प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए उन्हें व्यवसाय प्रस्ताव (बिजनेस प्रपोजल) तैयार करने में भी मदद दी जाती है, ताकि वे अपने स्टार्टअप या उद्यम की ठोस शुरुआत कर सकें। विशेषज्ञों की टीम उन्हें स्थानीय बाजार की जरूरतों के अनुसार उद्यम चुनने, लागत का आकलन करने और भविष्य की संभावनाओं को समझने की भी सलाह देती है।

जिले में दिख रहा योजना का असर

बागेश्वर के मुख्य विकास अधिकारी (C.D.O) आर.सी. तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत जिले में अब तक कई युवाओं और महिलाओं को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि “यह योजना स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में बेहद कारगर सिद्ध हो रही है। अभी भी बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और अपने व्यवसाय की नींव रख रहे हैं।”

स्थानीय उद्यमों को मिल रहा बढ़ावा

यह योजना न केवल बेरोजगार युवाओं को नई दिशा दे रही है, बल्कि स्थानीय संसाधनों के आधार पर नए रोजगार सृजित करने में भी मदद कर रही है। कृषि आधारित उद्योग, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, बेकरी, ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेकर कई लोग अपने व्यवसाय सफलतापूर्वक चला रहे हैं।

उद्यमिता को मिल रहा संबल

उद्यमशाला योजना का मूल उद्देश्य केवल व्यवसायिक जानकारी देना नहीं है, बल्कि प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सशक्त बनाना है। यह योजना एक ऐसे मंच की तरह कार्य कर रही है, जहां से युवाओं को न केवल व्यवसायिक सोच मिल रही है, बल्कि उसे अमल में लाने का मार्ग भी दिखाई दे रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.