After Header-1

एक्सिओम मिशन-4 की लॉन्चिंग 22 जून को संभावित, इसरो ने दी जानकारी

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार सुबह जानकारी दी है कि एक्सिओम मिशन-4 की नई संभावित लॉन्च तिथि 22 जून 2025 निर्धारित की गई है। यह मिशन अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और वाणिज्यिक अंतरिक्ष यात्रा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
एक्सिओम मिशन-4 की लॉन्चिंग की नई संभावित तिथि 22 जून 2025 तय की गई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर रविवार सुबह यह जानकारी साझा की। इसरो ने बताया कि उसने पोलैंड और हंगरी की स्पेस एजेंसियों के साथ मिलकर एक्सिओम स्पेस के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की थी।

इसके बाद एक्सिओम स्पेस ने अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा और स्पेसएक्स के साथ मिशन की तत्परता से जुड़े कई तकनीकी और सुरक्षा मापदंडों पर विचार किया। इनमें स्पेसएक्स फाल्कन-9 लॉन्च वाहन की स्थिति, ड्रैगन कैप्सूल की तैयारियाँ, अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के ज़्वेज़्दा मॉड्यूल की मरम्मत की प्रगति, मौसम की परिस्थितियाँ और चालक दल का स्वास्थ्य शामिल है।

इस बार एक्सिओम मिशन-4 की कमान नासा की पूर्व अंतरिक्ष यात्री और एक्सिओम स्पेस की मानव अंतरिक्ष उड़ान निदेशक पैगी व्हिटसन संभालेंगी। उनके साथ पायलट के रूप में भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला होंगे, जो इसरो की ओर से मिशन में भाग लेंगे।

इसके अतिरिक्त पोलैंड के यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी परियोजना अंतरिक्ष यात्री स्लावोज उज्नान्स्की-विस्निएव्स्की और हंगरी के टिबोर कपू मिशन विशेषज्ञ के रूप में शामिल होंगे।

चालक दल अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए से फाल्कन-9 रॉकेट पर सवार होकर स्पेसएक्स के ड्रैगन यान में अंतरिक्ष के लिए रवाना होगा।

इस मिशन को निजी, अंतरराष्ट्रीय और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। शुभांशु शुक्ला का इस मिशन में चयन भारत के लिए गर्व की बात है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.