उत्तराखंड में विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ-2025 की शुरुआत, किसानों को मिलेगा वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण

देहरादून। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ-2025 के अंतर्गत उत्तराखंड में किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के अनुकूल कृषि को बढ़ावा देना है।

पौड़ी गढ़वाल जनपद में इस अभियान के अंतर्गत 10 जून को बीरोंखाल ब्लॉक तथा 11 जून को देवराड़ी देवी, पौखड़ा में खंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में भारत सरकार के प्रतिनिधि—अनूप सिंह बिष्ट (उप सचिव, विस्तार), एस. भानमती (उप निदेशक) और जिस्नु के. जे. (क्षेत्रीय गृह अर्थशास्त्री)—प्रतिभाग करेंगे। ये अधिकारी किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं, उन्नत बीज किस्मों, नवीन तकनीकों, जल प्रबंधन, जैविक खेती और बाजार से जोड़ने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान भी किया जाएगा।

इन आयोजनों में संबंधित विभागों जैसे कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता आदि की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर सभी विभागों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “अमृत काल” विजन की दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जिसका उद्देश्य है “समृद्ध किसान, सशक्त भारत”। यह पहल उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि क्षेत्र को आधुनिकता की ओर अग्रसर करने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Leave a Reply