संथाल ब्यूरो चीफ कौशल कुमार
झारखंड राज्य स्वास्थ्य सेवा संघ रांची द्वारा आयोजित स्थापना समारोह में पथरगामा चिकित्सा प्रभारी डॉ. मोहन पासवान को उनके अद्वितीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने उन्हें सम्मानित किया और उनकी सेवाओं को सराहा। डॉ. मोहन पासवान को इससे पहले भी स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके योगदान के लिए महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए भी नामित किया गया है।
डॉ. मोहन पासवान न केवल एक समर्पित चिकित्सा अधिकारी हैं, बल्कि एक सक्षम सर्जन भी हैं। उन्होंने कई सर्जरी सफलतापूर्वक की हैं और हमेशा अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी से निभाया है। उनके प्रयासों से पथरगामा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर बेहतर हुआ है।
पथरगामा निवासी सुनील कुमार उर्फ बबलू भगत, पंकज कुमार, सोनू कुमार, श्रवण कुमार और सुशील कुमार भगत ने डॉ. मोहन पासवान को सम्मानित होने पर बधाई दी और उनकी सराहना की। पंकज कुमार ने कहा, “काफी दिनों बाद पथरगामा को एक अच्छा चिकित्सा प्रभारी मिला है, जो पथरगामा वासियों के लिए गर्व की बात है। अब स्वास्थ्य केंद्र में पहले से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, और डॉ. पासवान हमेशा उपलब्ध रहते हैं।”
सुनील कुमार ने कहा, “मैंने खुद डॉ. मोहन पासवान से ऑपरेशन करवाया, जो पूरी तरह सफल रहा। सबसे बड़ी बात यह है कि उन्होंने मुझे अस्पताल से बाहर दवाइयां नहीं लेने दीं, जबकि पहले ऐसा नहीं था। हमें गर्व है कि पथरगामा में एक अच्छे चिकित्सा प्रभारी और डॉक्टर मिले हैं।”
इस सम्मान से यह साबित होता है कि डॉ. मोहन पासवान का समर्पण और उनकी सेवाएं पथरगामा वासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि हैं। उनकी मेहनत और ईमानदारी ने क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा दी है।