After Header-1

केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए शांतिपूर्ण मतदान शुरू

देहरादून। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद की केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हो गया। शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदाताओं में वोटिंग को लेकर काफी उत्साह है। मतदान को लेकर कड़े सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं।

कुल 90 हजार 875 मतदाता ( 44919 पुरुष और 45956 महिला) छह उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा की आशा नौटियाल और कांग्रेस के पूर्व विधायक मनोज रावत के बीच माना जा रहा है। उत्तराखंड क्रांति दल के डॉ. आशुतोष भंडारी के अलावा तीन अन्य उम्मीदवार आरपी सिंह, त्रिभुवन सिंह चौहान और प्रदीप रोशन रुड़िया निर्दलीय चुनाव मैदान में है।

उपचुनाव के लिए 173 पोलिंग बूथों में से 130 पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। विधानसभा क्षेत्र को दो जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है। मतदान के दौरान शांति व्यवस्था के लिए पुलिस, पीआरडी, होमगार्ड के सात सौ से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों की चार कंपनियां तैनात की गई हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर 75 फीसदी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। सीसीटीवी से वेबकास्टिंग के जरिए लगातार मतदान केंद्र की निगरानी जिला एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय सहित इलेक्शन कमीशन से होती रहेगी। अब तक के चुनाव में विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्रों के सापेक्ष 50 फीसदी केन्द्रों पर ही सीसीटीवी लगाए जाते थे। यह पहली बार है जब किसी विधानसभा के 75 फीसदी बूथों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया में इस्तेमाल हो रही 205 गाड़ियों में जीपीएस भी इंस्टॉल किया गया है। ताकि गाड़ियों की गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जा सके। मुख्य निर्वाचन कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में वेबकास्टिंग एवं जीपीएस की मॉनिटरिंग के कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। संबधित नोडल अधिकारी इसकी पूरी निगरानी करेंगे। यह सीट भाजपा विधायक शैलारानी रावत का नौ जुलाई को निधन होने से खाली हुई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.