बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का निधन

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार को नई दिल्ली में निधन हो गया । वह 72 वर्ष के थे। मोदी गले में कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चल रहा था, वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो पुत्र हैं । बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर इसकी पुष्टि की । उन्होंने लिखा,”बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी अब हमारे बीच नहीं रहे।

पूरे भाजपा संगठन परिवार के साथ-साथ मेरे जैसे असंख्य कार्यकर्ताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। अपने संगठन कौशल, प्रशासनिक समझ और सामाजिक राजनीतिक विषयों पर गहरी जानकारी के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति और परिजनों को इस शोक की घड़ी में संबल प्रदान करें।”

प्रधानमंत्री ने सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक जताया और कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी।

सुशील मोदी पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका सोमवार रात निधन हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है।” उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.