After Header-1

चैंपियंस लीग : लाजियो को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा बायर्न म्यूनिख

बर्लिन। बायर्न म्यूनिख ने मंगलवार रात लाजियो को 3-0 से हराकर कुल 3-1 के स्कोर के साथ यूईएफए चैंपियंस लीग क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अंतिम 16 के पहले लेग में लाजियो ने बायर्न म्यूनिख को 1-0 से हराया था और इस जीत के साथ बायर्न ने कुल गोल स्कोर के आधार पर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। मैच में बायर्न म्यूनिख के लिए हैरी केन ने दो गोल किये।

जर्मन दिग्गजों ने आक्रामक मानसिकता से शुरुआत की, यह जानते हुए कि केवल जीत ही अगले दौर के लिए टिकट सुनिश्चित करेगी, जबकि लाजियो ने रक्षात्मक रणनीति अपनाई।

बायर्न ने मैच में पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और लाजियो के गोल क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, हालांकि जमाल मुसियाल और हैरी केन विपक्षी गोलकीपर इवान प्रोवेडेल को भेद नहीं सके।

हालांकि मैच के 38वें मिनट में हैरी केन ने प्रोवेडेल को छकाते हुए शानदार गोल कर बायर्न को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद बायर्न ने अपना दबाव बढ़ाते हुए हाफ टाइम से ठीक पहले थॉमस मुलर के हेडर के जरिये किये गए बेहतरीन गोल की बदौलत अपनी बढ़त दोगुनी कर ली।

हाफ टाइम के बाद भी बायर्न ने आक्रामक खेल जारी रखा और मैच के 66वें मिनट में हैरी केन ने मैच का अपना दूसरा गोल करते हुए बायर्न म्यूनिख की बढ़त 3-0 कर दी और अंत में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.