डिंडोरी में भीषण सड़क हादसा, पिकअप पलटने से 14 लोगों की मौत

केन्द्र सरकार की ओर से भी सहायता की घोषणा

डिंडौरी।  मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां बिछिया पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बड़झर घाट पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर 20 फीट नीचे जा गिरा। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। घायलों को शहपुरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में छह पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत अन्य नेताओं दुख व्यक्त किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम अमहाई देवरी के रहने वाले लोग गोद भराई के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मसूरघुघरी थाना इलाके के निवास क्षेत्र में गए थे। वहां वापस लौटते समय गुरुवार तड़के तीन से चार बजे के बीच शहपुरा थाना और बिछिया पुलिस चौकी क्षेत्र अंर्तगत बड़झर घाट पर पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर 20 फीट नीचे खेत में पलट गया। वाहन में 45 लोग सवार थे। इनमें से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को शाहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे डिंडौरी कलेक्टर विकास मिश्रा ने 14 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि मृतकों की पहचान मदन सिंह (45 वर्ष) पुत्र बाबूलाल आर्मो निवासी अमहाई देवरी, प्रीतम (16 वर्ष) पुत्र गोविंद बरकड़े निवासी पोंडी माल, पुन्नू लाल (55) पुत्र राम लाल अमहाई देवरी, भद्दी बाई (35 वर्ष) पत्नी विश्राम सजानिया जिला उमरिया, सेम बाई (40) पत्नी रमेश निवासी अमहाई देवरी, लाल सिंह (55) पुत्र भानु निवासी अमहाई देवरी, मुलिया बाई (60) पत्नी ढोली निवासी अमहाई देवरी, तितरी बाई (50 वर्ष) पत्नी कृपाल निवासी धमनी जिला उमरिया, सावित्री बाई (55 वर्ष) पत्नी नानसाय पोंडी जिला उमरिया, सरजू (45 वर्ष) पुत्र धनुआ निवासी अमहाई देवरी, रागी बाई (35 वर्ष ) पत्नी चंदू, बसंती (30 वर्ष) रामवती (30 वर्ष) और किरपाल (45 वर्ष) पुत्र सुकाली निवासी अमहाई देवरी के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिंडोरी में हुई वाहन दुर्घटना में 14 व्यक्तियों के असामयिक निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके को घायलों के उपचार और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए डिंडोरी भेजा गया है। घटना की उच्चस्तरीय जांच की जाकर समुचित कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पोस्ट किया है कि मप्र के डिंडोरी में हुए हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही घायलों 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मेरी प्रार्थना है कि इस हादसे में घायल हुए सभी लोग शीघ्र स्वस्थ हों। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश के डिंडौरी में हुआ सड़क हादसा दु:खद है। हादसे में असमय जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर उन्हें दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन द्वारा हताहतों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

मंत्री संपतिया उइके मौके पर पहुंची

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर मंत्री संपतिया उइके मौके पर पहुंची। उन्होंने मीडिया से कहा कि मैं यहां सरकार के प्रतिनिधि के रूप में हूं। यह एक बड़ा हादसा है। दुख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं।

डिंडोरी कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों एवं घायलों के लिए रेडक्रॉस से तत्काल राहत राशि प्रदान की गई है। मृतकों के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रुपये, घायलों को 5-5 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है। मृतकों की अंत्येष्टि के लिए पीड़ित परिवार को सहायता राशि 5-5 हजार रुपये एवं घायलों को संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

वाहन चालक गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार पिकअप के चालक अजमेर टेकाम निवासी करोंदी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिकअप वाहन अनफिट होने का पता भी चला है। पता चला है कि पिकअप वाहन का बीमा अगस्त, 2021 में और वाहन की फिटनेस सितंबर, 2022 में समाप्त हो चुकी थी। यह भी जानकारी मिली है कि वाहन केवल माल ढोने के लिए था।

Leave a Reply