मातृशक्ति ’’वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को धरातल पर उतार रही हैं : धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सीमांत जनपद चमोली वासियों को 400 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी मातृशक्ति प्रधानमंत्री के दिए गए आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। मातृशक्ति के सहयोग से ही हमारा राष्ट्र उन्नति के नए शिखर को छू रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गौचर में आयोजित ‘नंदा-गौरा’ महोत्सव में प्रतिभाग किया और जनपद चमोली के लिये 400 करोड़ से अधिक़ की 604 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 97 करोड़ लागत़ की 260 योजनाओं का लोकार्पण व 303 करोड़ की 344 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन कर मातृशक्ति को भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने नंदा-गौरा महोत्सव को लोगों से कहा कि मां नन्दा चमोली जिले के साथ ही पूरे गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजनीय है। मां नंदा को हम ध्यांण मानते हैं और एक विवाहित बेटी के रूप में मां नंदा की कैलाश विदाई के लिए हर साल सिद्धपीठ कुरुड़ से लोकजात यात्रा और 12 वर्षों में राजजात यात्रा आयोजित की जाती है। जबकि गौरा देवी पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व विख्यात चिपको आंदोलन की अगुवा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह भगवान बद्रीनाथ की पावन भूमि है। उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होना अपना सौभाग्य बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार लगातार महिलाओं के कल्याण को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता को विधानसभा में पारित कर जनता से किया वादा पूरा किया है। समान नागरिक संहिता किसी जाति, धर्म-समुदाय के लिए न होकर पूरे राज्यवासियों के हितों के लिए है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ शक्ति के सहयोग के बिना किसी भी समाज या किसी भी राष्ट्र का संपूर्ण विकास नहीं हो सकता। आज प्रदेश के दुर्गम गांव-गांव में महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाकर कुटीर उद्योगों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति प्रदान कर रही हैं। महिलाओं के पास कौशल की कभी कोई कमी नहीं रही और अब यही कौशल उनकी आर्थिकी को शक्ति प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खोले और अब हर तरह की सब्सिडी सीधे उनके खाते में ही जमा हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी योजना, नंदा गौरा मातृवंदना योजना और महिला पोषण अभियान जैसी योजनाएं प्रारंभ की हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी माताएं, बहनें आज कुटीर उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री के माणा गांव के भ्रमण के दौरान हमारी बहनों ने उनको भोजपत्र पर लिखा एक अभिनंदन पत्र भेंट किया था। प्रधानमंत्री जी ने मन की बात कार्यक्रम के 103 वॉ संस्करण में भी भोजपत्र के उत्पादों की जमकर सराहना की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मूल मंत्र ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ को हमने आत्मसात किया है। चमोली की जनता का हमेशा से उन्हें स्नेह मिलता रहा है। इसी का प्रतिफल है कि आज चार सौ करोड़ से भी अधिक योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर काम रही है।

Leave a Reply