देश के कई राज्यों में 22 जनवरी को आधे दिन का अवकाश

जयपुर। अयोध्या में राम मंदिर की उद्घाटन और रामलला की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां जोरों पर है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश हीं नहीं बल्कि पूरे देश में राम मंदिर के कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के कई राज्यों में 22 जनवरी के दिन सरकारी कार्यालयों को आधे दिन तक के लिए बंद करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।

इसी क्रम में अब राजस्थान भाजपा विधायक दल की बैठक को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देजनर 22 जनवरी को राजस्थान में आधे दिन की छुट्‌टी की घोषणा की। सभी सरकारी दफ्तर दोपहर दोपहर 2:30 बजे तक बंद रहेंगे।

विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और अन्य उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा समेत मंत्रिमंडल के सदस्य और विधायक मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बैठक में मौजूद नहीं थी। बैठक के बाद मंत्री सुरेश रावत ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा है कि राज्य में 22 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी रहेगी। वहीं, असम और ओडिशा की सरकारों ने भी 22 जनवरी को आधे-आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है।

त्रिपुरा सरकार ने जारी किया आदेश
वहीं, त्रिपुरा की सरकार ने भी 22 जनवरी को रामलला की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन सरकारी कार्यालयों में आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है। आदेश में कहा गया है कि त्रिपुरा भर में राज्य सरकार के सभी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक बंद रहेंगे।वहीं त्रिपुरा के अलावा अन्य कई राज्यों में भी आधे दिन के अवकाश की घोषणा की जा चुकी है। इससे पहले असम, छत्तीसगढ़, ओडिशा, और राजस्थान की सरकारों ने भी 22 जनवरी को सरकारी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है। वहीं केंद्र सरकार ने पहले ही सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आधे दिन के अवकाश की घोषणा कर दी थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.