After Header-1

भाजपा की बैठक में बी श्रेणी की सीटों को ए श्रेणी में बदलने के लिए योजना बनाई गई

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की लोकसभा चुनाव बैठक  (BJP upcoming election discussion meeting) में रविवार को आगामी चुनावी रणनीति पर विमर्श करते हुए सभी सीटों पर 5 लाख के अंतर से जीतने का संकल्प लिया गया। इस दौरान बी श्रेणी की सीटों को ए श्रेणी में बदलने के लिए योजना बनाई गई।

राजपुर रोड पर एक होटल में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में उच्च स्तरीय बैठक पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर 4 सत्रों में गहन मंथन किया।

इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डाक्टर लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने पार्टी गतिविधि और सरकार के कार्यों और चुनाव को लेकर केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी से उस पर पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सरकार के कार्यों एवं उसके सकारात्मक प्रभावों की समीक्षा प्रस्तुत करते नकल कानून, धर्मांतरण कानन, अवैध अतिक्रमण पर कार्यवाही के साथ सफल इन्वेस्टर्स समिट, महिला आरक्षण, रिकॉर्ड नौकरियों और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया से संपन्न होती परीक्षाएं आदि विषयों पर विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने राज्य में भाजपा सरकारों के प्रति जनता के विश्वास को और अधिक प्रभावी बनाया है।

प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेई के नेतृत्व में संगठनात्मक समीक्षा के साथ चुनावी रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। बैठक राज्य की लोकसभा सीटों को 5 लाख से अधिक वोटों से जीतने के संकल्प के साथ समाप्त हुई है। जिसके लिए बी श्रेणी की सीटों को ए श्रेणी में बदलने के लिए योजना बनाई गई है।

शीघ्र ही 4 से 5 लोकसभा सीट की कलस्टर बैठक, फिर लोकसभा स्तर की बैठक और आगे विधानसभा स्तर की बैठकों का क्रम शुरू होने जा रहा है। बैठक के पहले सत्र में राज्य के राजनैतिक और प्रशासनिक परिदृश्यों पर चर्चा की गई। जिसमें सरकार की योजनाओं के प्रभाव, अन्य राजनैतिक सामाजिक मुद्दों और उनपर सरकार की कार्यवाही को लेकर विस्तार से बात की गई। दूसरे सत्र में संगठनात्मक समीक्षा और आगामी रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। जिसके तहत पन्ना प्रमुख से लोकसभा स्तर संगठन के कामों और पंचायत से सांसद तक सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग पर योजना बनाई गई।

प्रभारी गौतम ने कहा कि बैठक में मौजूद सभी सांसदों, पूर्व मुख्यमंत्री एवं अन्य प्रतिभागियों से चुनाव को देखते हुए रणनीति बनाने को लेकर सुझाव मांगे गए। पार्टी के वर्तमान संचालित कार्यक्रमों को अधिक तेजी और व्यापकता के साथ चलाने के साथ चुनावी सभाओं, बैठकों और अन्य कार्यक्रमों को लेकर गहन विमर्श किया गया। सभी कार्यक्रमों में सभी सांसदों, मंत्रियों व विधायकों ने पूरी सक्रियता से भागेदारी करनी है। प्रचार प्रसार को लेकर भी मीडिया एवं सोशल मीडिया को पहले से अधिक शक्ति के साथ आगे बढ़ाने पर निर्णय लिया गया।

बैठक में केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, सांसद नरेश बंसल, महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय टम्टा, कल्पना सैनी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, विशन सिंह चुंफाल, मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी खिलेंद्र चौधरी राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, ज्योति गैरोला, सुरेश भट्ट, कुलदीप कुमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, आशा नौटियाल, नवीन ठाकुर प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.