After Header-1

तकनीकी अड़चन दूर, शीघ्र शुरू होगी ड्रिलिंग

उत्तरकाशी। उत्तराखंड (Uttarakhand) में निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में 12 दिन से फंसे 41 श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए जारी बचाव अभियान  (campaign) के दौरान आई तकनीकी अड़चन के कारण कई घंटों तक रुके रहने के बाद शुक्रवार को ड्रिलिंग फिर शुरू की जाएगी।

अधिकारियों ने सिलक्यारा में मीडिया को बताया कि उस तकनीकी समस्या को दूर कर लिया गया है जिसके कारण बुधवार को ड्रिलिंग रोकनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही ड्रिलिंग ( Drilling)फिर शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि मलबे में डाले जा चुके स्टील पाइपों में दूसरा पाइप जोड़ने के बाद बोरिंग शुरू कर दी जाएगी।

‘ग्राउंड पेनीट्रेटिंग रडार’ से मिले आंकड़ों से संकेत मिला है कि सुरंग में भेदे जा चुके अवरुद्ध हिस्से के आगे पांच मीटर तक धातु की मौजूदगी जैसी कोई अड़चन नहीं है। उन्होंने कहा कि ऑगर मशीन में कोई तकनीकी समस्या नहीं है, लेकिन बचावकर्मियों को उस मंच को मजबूत करना पड़ा है जिसपर इसे स्थापित किया गया है।

सुरंग से ‘निकलने का रास्ता’ (एस्केप पैसेज) बनाने के लिए मशीन मलबे को 48 मीटर तक ड्रिल कर चुकी थी। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के प्रबंध निदेशक महमूद अहमद और उत्तराखंड सरकार के नोडल अधिकारी नीरज खैरवाल ने बताया कि ‘एस्केप पैसेज’ बनाने के लिए 46.8 मीटर तक स्टील पाइप डाले जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि मलबे के दूसरी ओर फंसे श्रमिकों तक पहुंचने के लिए छह-छह मीटर लंबे दो पाइप और डाले जाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय के पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे ने सुबह संवाददाताओं को बताया था कि ऑगर मशीन से ड्रिलिंग साढ़े 11 बजे तक शुरू हो जाएगी।

उन्होंने कहा था, ‘‘हमें अभी 12-14 मीटर और जाना है। मुझे उम्मीद है कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो शुक्रवार शाम तक अभियान समाप्त हो सकता है।’’ हालांकि, खुल्बे द्वारा बताए गये समय पर ड्रिलिंग शुरू नहीं हो पायी। उन्होंने कहा कि ड्रिलिंग मशीन के मंच को रात में मजबूत किया गया। अमेरिकी ऑगर मशीन से मलबे को भेदकर 800 मिमी व्यास वाली स्टील की पाइप डाली जा रही है और इसी के जरिए फंसे श्रमिकों को बाहर लाया जाएगा।

गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक केएस नगन्याल ने बताया कि फंसे श्रमिकों के बाहर निकलने के बाद उन्हें एक हरित गलियारे के जरिए अस्पताल तक पहुंचाने हेतु पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं । मेडिकल विशेषज्ञों के मुताबिक, बाहर निकलने के बाद कुछ दिनों तक श्रमिकों का अलग रखकर उपचार करना जरूरी है क्योंकि वे बंद जगह पर कई दिन गुजारने के बाद बाहर आ रहे हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.