देहरादून: यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून (Dehradun) के लिए बिगड़ते ट्रैफिक हालात एक बड़ी समस्या है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट विभाग ने यातायात व्यवस्था (Traffic system) में बड़े बदलाव की तैयारी की है। जिसके तहत राजधानी में चलने वाले विक्रमों को पूरी तरह से सड़कों से हटाने के साथ पुरानी बसों को भी तमाम रूट से हटाने का प्लान है। इसके लिए बाकायदा ट्रांसपोर्ट विभाग (Transport Department) की तरफ से मुख्य सचिव के सामने भी इस पूरे प्रस्ताव को रखा जा चुका है।
देहरादून की यातायात व्यवस्था को बदलने के लिए एक बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। दून में बिगड़ते ट्रैफिक हालात के बीच कुछ ऐसी कार्य योजना पर काम किया जा रहा है। जिसके कारण न केवल देहरादून की आबोहवा को सुधारा जा सकेगा, बल्कि लोगों को सस्ती यातायात सेवा के साथ ही जाम से भी मुक्ति दिलाई जा सकेगी। दरअसल, ट्रांसपोर्ट विभाग की तरफ से तीन लक्षण पर काम किया जा रहा है। जिसमें लोगों को सस्ती सेवाएं देना देहरादून में ट्रैफिक के बिगड़ते हालात को सुधारना और खराब होते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण करना है।
देहरादून आरटीओ के स्तर पर बनाए गए प्रस्ताव पर काम किया जा रहा है, जिसे उत्तराखंड के मुख्य सचिव डॉक्टर एसएस संधू के सामने भी प्रस्तुत किया जा चुका है। देहरादून में करीब 400 विक्रम अब तक हटाए जा चुके हैं, जबकि इतने ही विक्रम को अब सड़क से हटकर पूरी तरह से विक्रम मुक्त देहरादून बनाने की तैयारी है। इसके पीछे ट्रांसपोर्ट विभाग का तर्क है कि विक्रम के प्रयोग से जहां वायु प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। वहीं ट्रैफिक के बिगड़ते हालातों के लिए विक्रम भी जिम्मेदार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.