यूपी ATS ने हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक आतंकवादी को जम्‍मू कश्‍मीर से किया गिरफ्तार

नयी दिल्ली। यूपी ATS ने हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक आतंकवादी को जम्‍मू कश्‍मीर ( Jammu and Kashmir) पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है। एटीएस यह जानकारी दी गई। एटीएस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि 4 अगस्त, 2023 को यहां एटीएस थाने में विधि विरूद्ध क्रिया कलाप अधिनियम-1967 समेत कई धाराओं में दर्ज मामले के आरोपी अहमद रजा से पूछताछ में जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के निवासी आरोपी फिरदौस अहमद डार का नाम सामने आया था।
बयान के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एटीएस की टीम जम्मू कश्मीर गई और वहां की स्थानीय पुलिस के सहयोग से फिरदौस अहमद डार को शुक्रवार को कोकरनाग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बयान के अनुसार वहां से अदालती प्रक्रिया पूरी करने के बाद एटीएस टीम डार को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शनिवार को लखनऊ आई। बयान के अनुसार एटीएस ने आरोपी की गिरफ्तारी दर्शाते हुए शनिवार को यहां चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद अदालत में पेश किया।
बयान में कहा गया कि फिरदौस ने प्रारंभिक पूछताछ में अपराध की स्वीकारोक्ति की जिसमें यह तथ्‍य प्रकाश में आया कि उसने अहमद रजा को आतंकी प्रशिक्षण के लिए अनंतनाग बुलाया था। बयान के अनुसार फिरदौस ने ही अहमद रजा को हिजबुल मुजाहिदीन की सदस्यता दिलाई थी। बयान के अनुसार इस जानकारी के आधार पर एटीएस ने फिरदौस की 14 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। एटीएस के अनुसार फिरदौस अहमद डार का मोबाइल फोन जब्त है जिसे अलग से विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेजकर गहराई से छानबीन कराई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.