After Header-1

गड्ढे में गिरी कार, चार लोगों की मौत, आठ गंभीर

जम्मू। जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में बुधवार सुबह एक कार सड़क से फिसलकर एक गहरे गड्ढे में जा गिरी जिससे चार लोगों की मौत हो गयी और आठ अन्य को गंभीर चोटें आयी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना थानामंडी उपमंडल में हुई जब कार पुंछ से भांगई गांव लौट रही थी। कार सवार लोग पुंछ में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे।

उन्होंने बताया कि चालक अपने गंतव्य से महज कुछ मीटर दूर ही थानामंडी भांगई रोड पर वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, हादसे के समय गाड़ी में कुल 12 लोग सवार थे।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने सभी को बाहर निकाला और थानामंडी के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया गया।

मृतकों की पहचान शमीम अख्तर (55), रुबिना कौसर (35), जरीना बेगम और मोहम्मद युनूस (38) के रूप में की गयी है। सभी भांगई के रहने वाले थे।

थानामंडी के उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी इम्तियाज अहमद ने बताया कि घायलों को राजौरी के जीएमसी एसोसिएटेड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.