देश की गरिमा को गिराने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे युवराज

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने कांगड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा देश की अकेली पार्टी है जो विचारों पर चलती है, बाकी सभी दल वैचारिक रूप से शून्य हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि कुर्सी के लिए ये दल किसी भी तरह का समझौता करने को तैयार हैं। आज तो CPM और कांग्रेस भी हाथ मिला कर चुनाव में उतरते हैं। कहां गए इन दोनों के विचार? लेकिन भाजपा ऐसी नहीं है।

नड्डा ने कहा कि अगर हमने 1952 में एक देश-एक संविधान की बात कही तो 2019 में हमने धारा-370 को हटा कर ऐसा कर के दिखाया। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों की तरह कांग्रेस भी अब मां-बेटा और बेटी की पार्टी रह गई है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि आप भाग्यशाली हैं कि आप एक ऐसी पार्टी में हैं जहां प्रजातांत्रिक तरीके से, विचारों के साथ जुड़ कर के आपको काम करने का मौका मिलता है।

नड्डा ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले भ्रष्टाचार से युक्त सरकार में घोटाले ही घोटाले थे लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्कैम से निकल कर स्कीम वाली सरकार देश में बनी। उन्होंने कहा कि आज एक मजबूत सरकार, दमदार सरकार, निर्णायक सरकार के रूप में मोदी सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का युवराज देश की गरिमा को गिराने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा। मोदी जी का विरोध करते करते ये देश का विरोध करने लगे हैं। वो (कांग्रेस पार्टी) भारत की परम्पराओं और संस्कृति का मजाक उड़ाते हैं।

आप बोलते हो कि भारत जोड़ेंगे… अरे आपने भारत को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि टुकड़े-टुकड़े का नारा लगाने वालों के साथ आप खड़े हो गए। आपको देश से माफी मांगनी ही पड़ेगी। राहुल गांधी नफरत का मेगा शॉपिंग मॉल खोल कर बैठें हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.