जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत

विल्लुपुरम (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के विल्लुपुरम में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने बताया कि घटना के संबंध में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पांचों लोगों को शनिवार देर रात एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनमें से तीन की मौत हो गई थी। महिला सहित दो अन्य लोगों की रविवार को मौत हो गई।

घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना विल्लुपुरम के निकट मरकानम के एक्कियारकुप्पम में शनिवार रात हुई।

स्टालिन ने जहरीली शराब और नशीले पदार्थों के खतरे से निपटने के अपनी सरकार के संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि दो निरीक्षकों सहित चार पुलिसकर्मियों को इस घटना के सिलसिले में निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिये जाने की भी घोषणा की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.