पूर्वी कांगो में बाढ़ , 200 से अधिक लोग लापता

कालेहे। पूर्वी कांगो में बाढ़ जनित हादसों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 200 से अधिक हो गई है और कई लोग अब भी लापता हैं। दक्षिण कीवू में स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बाढ़ की वजह से सबसे बुरी तरह प्रभावित कालेहे के प्रशासक थॉमस बाकेंगे ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि अब तक 203 शव मिले हैं और अन्य का पता लगाने का प्रयास जारी है।

यामुकुबी गांव में बाढ़ के पानी में सैकड़ों घर बह गए हैं, बचावकर्मियों और अन्य लोगों ने शवों की तलाश में मलबे को खोदने का काम किया। बाढ़ प्रभावित एनौरिते जिकुजुवा ने कहा कि वह अपने सास-ससुर समेत पूरे परिवार को खो चुकी हैं। साथ ही उनके कई पड़ोसी भी मारे गए हैं।

उन्होंने कहा, पूरा गांव जैसे बंजर भूमि में तब्दील हो चुका है। हर जगह सिर्फ पत्थर ही पत्थर हैं और हम ये तक नहीं बता सकते कि हमारी जमीन कहां थी। मलबे में दबे शवों की तलाश में जुटे एक बचावकर्मी मिचाके न्तामाना ने कहा कि ग्रामीण शवों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रहे हैं और अपने प्रियजनों का शव मिलने पर उन्हें अपने साथ ले जा रहे हैं। दक्षिण कीवू के गवर्नर थो न्गवाबिदजे ने बाढ़ से हुई क्षति का जायजा लेने के लिए क्षेत्र का दौरा किया।

Leave a Reply