After Header-1

रालोद ने कहा, केंद्र में लंबित लाखों पदों को निष्पक्ष प्रक्रिया को तुरंत भरा जाना चाहिए

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद)ने कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालय और विभागों में लंबित लाखों पदों को निष्पक्ष प्रक्रिया के जरिए तुरंत भरा जाना चाहिए।

राष्ट्रीय लोक दल- रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार देने के मुद्दे पर सत्ता में आई है।
केन्द्र सरकार को सरकारी पदों पर नियुक्तियां शीघ्र करनी चाहिए। इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार को लघु उद्योग, हस्तशिल्प और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देना चाहिए। इससे लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी और कोरोना महामारी के कारण लघु उद्योग क्षेत्र पूरी तरह से बर्बाद हो चुका है।

देश में लाखों लोग बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के हवाले से कहा कि बेरोजगारी का उन्मूलन और ग्रामीण प्रगति के लिए लघु उद्योगों का विकास आवश्यक है।
जयंत चौधरी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने की मांग करते हुए कहा कि देश में किसान और ग्रामीण समुदाय हासिये पर हैं। सरकार ने किसानों की उपज के दामों में कोई वृद्धि नहीं की है जबकि खेती में प्रयोग होने वाली वस्तुओं की कीमतों में लगातार तेजी आ रही है।

डीजल- पेट्रोल और बिजली की दरों में बढ़ोतरी किसान की कमर तोड़ रही है। इसलिए सरकार को डीजल और पेट्रोल की कीमतों में कमी करनी चाहिए।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों की दशा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गन्ने का समर्थन मूल्य तुरंत घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने आलू के लिए भी खरीद नीति घोषित करने की मांग की।

रालोद राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। अधिवेशन में उत्तर प्रदेश और राजस्थान में राजनीतिक तालमेल करने का अधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.