कश्मीर के कई हिस्सों में हिमपात, पारा नीचे आया

श्रीनगर । कश्मीर के कई हिस्सों में हिमपात हुआ जिससे पारा नीचे आया। कश्मीर में इस सप्ताह यह दूसरी बर्फबारी है। अधिकारियों ने कहा कि उत्तरी कश्मीर में प्रसिद्ध स्की-रिसॉर्ट गुलमर्ग और घाटी के ऊपरी इलाकों में सुबह से ही बर्फबारी हो रही है।

खराब मौसम के कारण आज सुबह श्रीनगर हवाईअड्डे पर विमानों का संचालन प्रभावित रहा। हालांकि दृश्यता में सुधार के बाद पूर्वाह्न करीब 11 बजे कश्मीर से हवाई यातायात फिर से शुरू हो गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), श्रीनगर हवाईअड्डे के निदेशक कुलदीप सिंह ने  बताया, ‘‘आज सुबह एक संक्षिप्त व्यवधान के बाद, दृश्यता में सुधार के साथ हवाई संचालन सुचारू रूप से चला।

श्रीनगर में मौसम विभाग ने कल से मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और एकमात्र बारहमासी सड़क मार्ग -दो दिनों के बाद फिर से खोल दिया गया और फंसे वाहनों को जाने दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (यातायात) राष्ट्रीय राजमार्ग मोहिता शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन खोल दी गई है और पहले फंसे वाहनों को छोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रामबन के पंथियाल में इस्पात की सुरंग पत्थरों के गिरने से लगभग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस बीच यहां मौसम नमी युक्त बना हुआ है। जम्मू -कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कहा कि श्रीनगर में रात का तापमान पिछली रात के 0.7 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उत्तरी कश्मीर के बारामूला में अनंतनाग और गुलमर्ग के पर्यटन स्थल पहलगाम पर तापमान क्रमश: -2.4 डिग्री सेल्सियस और -8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में पारा शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

जम्मू शहर में पिछली रात के 12.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि लद्दाख के लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

Leave a Reply