After Header-1

कांग्रेस कर रही युवाओं के साथ राजनीति

देहरादून। भाजपा ने राज्य में नकल विरोधी अध्यादेश लागू करने के लिए मुख्यमंत्री  धामी का धन्यवाद करते हुए कांग्रेस पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच की आड़ में युवाओं के साथ राजनीति करने का आरोप लगाया है।

इस पूरे प्रकरण में पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए पार्टी प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि हमारी सरकार देश का पहला सबसे सख्त नकल निरोधक कानून लेकर आई है, लेकिन दिल्ली में सीबीआई का विरोध करने वाली कांग्रेस युवाओं को रोजगार से दूर करने के षड्यंत्र के तहत राज्य में सीबीआई जांच की मांग कर रही है ।

पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जोशी ने स्पष्ट किया कि अब तक जितने भी भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी या नकल की बात सामने आई, मुख्यमंत्री  धामी के निर्देशों पर ऐतिहासिक व सख्त कार्यवाही के साथ रिकॉर्ड गिरफ्तारियां हुई। इसके अतिरिक्त, सरकार अपने वादों के अनुरूप लगातार भर्ती कैलेंडरों के अनुशार प्रदेश में रिक्त सभी पदों पर युवाओं को रोजगार देने की दिशा में भी जुटी है।

उन्होंने कहा कि पुराने एवं वर्तमान भर्ती प्रकरणों में लगातार धांधलियों का सामने आना और गिरफ्तार आरोपियों की जमानत मिलने के कारण सरकार देश का सबसे सख्त नकल निरोधक कानून लेकर आई है जिसमें नकल कराने वालों को न्यूनतम 10 वर्ष से लेकर अधिकतम आजीवन कारावास के साथ नकल करने वालों को तीन से सात वर्ष की सजा का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस कानून का स्वागत करते हुए पार्टी संगठन प्रदेश के समस्त कार्यकर्ताओं एवं महान जनता की तरफ से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता है। जोशी ने कांग्रेस पर सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदेश के युवाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ दिल्ली में बैठे राहुल गांधी समेत सभी शीर्ष नेता जिस सीबीआई, ईडी की प्रत्येक जांच का विरोध करते हैं और यहां राज्य में राहुल और उनके स्थानीय नेता उसी सीबीआई से जांच की मांग पर युवाओं को भड़काते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता भ्रष्टाचार पर कार्यवाही करते हुए रोजगार प्रक्रिया तेज कर युवाओं के साथ न्याय करना है।

वहीं कांग्रेस की प्राथमिकता सीबीआई जांच की मांग के चलते भर्ती प्रक्रियाओं को लंबित करना और बेरोजगारों को नौकरी से दूर रख मुद्दे का राजनैतिक लाभ लेना है। एक प्रश्न के उत्तर में भाजपा प्रवक्ता ने गांधी पार्क में बेरोजगारों पर लाठीचार्ज के घटनाक्रम पर कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर गढ़वाल आयुक्त द्वारा जांच की जा रही है, ताकि ये सत्य भी सामने आए कि बेरोजगारों के मध्य वे कौन से असामाजिक तत्व थे जिन्होंने कानून अपने हाथों में लिया क्योंकि हमें अपने युवाओं पर भरोसा है वे कभी ऐसा नही कर सकते।

Leave A Reply

Your email address will not be published.