आम बजट में किसानों व उत्तराखंड के लिए विशेष प्रावधान : जोशी

नैनीताल । उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को आम बजट की प्रशंसा करते हुए इसे ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी बजट बताते हुए कहा कि बजट में किसानों व उत्तराखंड के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

जोशी ने ऊधमसिंह नगर के दौरे के दौरान बाजपुर स्थित सिंचाई विभाग के अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में अभी तक देश ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। साथ ही अनेक विकास कार्य हुए हैं।

प्रति व्यक्ति आय करीब नौ वर्षों में दोगुनी होकर 1.97 लाख रुपये हो गई है। भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ा है और यह पिछले नौ साल में विश्व की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बन गई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में सदस्यों की संख्या दोगुनी से अधिक होकर 27 करोड़ तक पहुंच गई है।

वर्ष 2022 में यूपीआई के माध्यम से 126 लाख करोड़ रुपये के 7,400 करोड़ डिजिटल भुगतान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11.4 करोड़ किसानों को 2.2 लाख करोड़ रुपये का नकद हस्तांतरण किया गया।

उन्होंने कहा कि बजट में आने वाले तीन सालों में देश के एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती के गुर सिखाए जाएंगे। कृषि स्टार्टअप के लिए सरकार ‘डिजिटल एक्सीलेटर फंड’ कृषि निधि बनाया जाएगा।

जोशी ने कहा कि इसी प्रकार कृषि क्षेत्र के लिए कर्ज के लक्ष्य को बढ़ाकर 20 लाख करोड़ रुपये किया जाएगा। गोबर धन स्कीम के तहत 10,000 करोड़ खर्च किये जायेंगे। इसी प्रकार माइक्रो फर्टिलाइजर की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा ।

रासायनिक खाद के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए पीएम प्रणाम योजना की शुरुआत होगी। मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए इंस्टीट्यूट्स ऑफ मिलेट्स बनेगा देश में 10 हजार बायो इनपुट रिसर्च सेंटर स्थापित होंगे। श्री जोशी ने कहा कि बजट में उत्तराखंड को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से विशेष सौगात मिली है।

उन्होंने कहा 2023-24 के लिए रेलवे को 5004 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा यह एक विकासोन्मुखी बजट है, इससे कुछ ही वर्षों के भीतर भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि बजट से प्रदेश के राजस्व में ढ़ाई हजार करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। निश्चित ही यह समावेशी बजट आधुनिक भारत के नव निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। इससे पहले पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, जिला प्रभारी सुरेश भट्ट, प्रदेश कार्यकारणी सद्स्य राजेश कुमार, महामंत्री सुरेश बिष्ट, महिला मोर्चा अध्यक्ष उमा जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.