बंगाल: बम विस्फोट में टीएमसी के दो कार्यकर्ता मरे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में देसी बम विस्फोट में ग्राम पंचायत प्रधान के भाई सहित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गयी है। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना शनिवार रात कोलकाता से करीब 230 किलोमीटर दूर मारग्राम में हुई। इस घटना में न्यूटन शेख और लाल्टू शेख की मौत हो गयी।

न्यूटन की मौत विस्फोट के तुरंत बाद हो गई जबकि लाल्टू की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। लाल्टू स्थानीय पंचायत के प्रधान का भाई था। राज्य सरकार ने घटना के कुछ घंटों बाद बीरभूम जिला पुलिस अधीक्षक नागेंद्रनाथ त्रिपाठी का तबादला कर दिया।

सुंदरबन जिले के पुलिस अधीक्षक भास्कर मुखर्जी त्रिपाठी उनका स्थान लेंगे। राज्य के वरिष्ठ मंत्री और तृणमूल नेता फिरहाद हकीम ने दावा किया कि इस घटना के पीछे झारखंड के माओवादियों का हाथ है। उन्होंने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी उंगली उठाई।

विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि यह धमाका तब हुआ जब तृणमूल कार्यकर्ता पंचायत चुनाव से पहले विरोधियों को डराने के लिए बम बना रहे थे। स्थानीय लोगों ने कहा कि विस्फोट उस समय हुआ जब ये लोग बाइक पर बम ले जा रहे थे। 

Leave A Reply

Your email address will not be published.