सहारनपुर: ईनामी बदमाश बिहार से गिरफ्तार

सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस ने फर्जी नोट छापकर तस्करों को आपूर्ति करने वाले गिरोह के 25 हजार के ईनामी बदमाश उस्मान को बिहार से गिरफ्तार कर आज सहारनपुर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार दोपहर सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार बदमाश उस्मान पुत्र अनवार देवबंद कोतवाली के गांव थीतकी का मूल निवासी है।

जो वर्तमान में बिहार के जिला पूर्णिया में अपनी ससुराल में पहचान छिपाकर 19 वर्षीय पत्नी रिहाना पुत्री शाहजमाल के यहां रह रहा था और वहां अवैध तरीके से ठेकेदारी का लाइसेंस प्राप्त कर झारखंड के जिला गोड्डा में अपना मकान बनाकर ठेकेदारी का काम कर रहा था।

एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गिरफ्तार 45 वर्षीय उस्मान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में 21 मुकदमें दर्ज हैं जिनमें पांच मुकदमें नकली नोटों से संबंधित हैं। पुलिस के मुताबिक उस्मान के चार साथी 17 जून 2021 को तीन लाख 86 हजार के नकली नोटों के साथ सहारनपुर मंड़ी कोतवाली के द्वारा मोहल्ला सराय मर्दानअली में मुल्ला इनाम के मकान से गिरफ्तार किए गए थे।

उस दौरान गिरफ्तार इनामुल रहमान और नौशाद, वाजिद और अब्दुल्ला ने पुलिस को बताया था कि उस्मान और तौसीफ जेके एक्स्ल ब्रांड कागज पर रंगीन प्रिटंग से नकली नोट छापकर उन लोगों को 25 हजार असली नोटों के बदले एक लाख जाली नोटों की सप्लाई करता था, जिसे वे 50 हजार असली नोटों के बदले एक लाख जाली नोटों की आपूर्ति करते थे।

पुलिस ने 17 जून 2021 को मंड़ी कोतवाली में इन सभी छह लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 489ए, 489बी, 489सी में मुकदमा दर्ज किया था और उनके पास से तीन लाख 86 हजार रूपए बरामद किए थे।

पुलिस ने बाद में तौसीफ पुत्र अफजाल निवासी गांव तास्सीपुर को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन उस्मान लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनएसए और गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई की थी। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना मंड़ी पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र, उप निरीक्षक देवेंद्र अधाना, हेड कांस्टेबल राहुल त्यागी, हेड कांस्टेबल कमल कौशिक और कांस्टेबिल अंकित पंवार के दल ने उस्मान को बिहार से गिरफ्तार किया और आज उसे सहारनपुर लेकर आए। एसएसपी सहारनपुर ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.