After Header-1

भुखमरी के कगार पर डीटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी व युवा मार्शल  : कांग्रेस

नयी दिल्ली । दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के सेवानिवृत कर्मचारियों को पिछले दो तीन महीनों से पेंशन तथा इन्हीं बसों में मार्शल के तौर पर कार्य कर रहे युवाओं को वेतन नहीं मिलने पर कांग्रेस ने चिंता जताते हुए कहा है कि ये लोग भुखमरी के कगार पर हैं लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अभी चैन की बांसुरी बजा रहे हैं।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ नरेश कुमार ने इन लोगों की दयनीय हालत को देखते हुए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह करते हुए उन्हें एक पत्र लिखा है।

डॉ कुमार ने कहा कि इन लोगों को पेंशन तथा वेतन नहीं मिलने से उनके समक्ष घर चलाने का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने पत्र में श्री सक्सेना का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त डीटीसी कर्मचारियों को पिछले 2-3 महीने से पेंशन नहीं दी गई है और डीटीसी के मार्शलों की सैलरी पिछले दो महीने से नहीं दी गई है। ये सभी गरीब लोग हैं और महीने की शुरुआत में वेतन/पेंशन प्राप्त करना चाहते हैं।

उपराज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध

उन्होंने उपराज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध करते हुए कहा कि केजरीवाल कहा करते थे कि एक बार डीटीसी दिल्ली सरकार के नियंत्रण में आ जाएगी तो रिटायर्ड कर्मचारियों तथा सेवारत हर श्रेणी के लोगों को सभी भुगतान समय पर किए जाएंगे लेकिन उनके लंबे-चौड़े दावे झूठे साबित हो रहे हैं। ये अधिकतर लोग ग्रामीण इलाकों से हैं और यह तब हो रहा है जब दिल्ली के परिवहन मंत्री खुद ग्रामीण परिवेश से हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.