After Header-1

जोशीमठ में बढ़ रहा तबाही का मंजर, लोग होने लगे रतजगा

जोशीमठ।सीमांत नगर जोशीमठ में भू धसाव का सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। नगर के मनोहर बाग से लेकर मारवाड़ी तक व सुनील से सेमा-विष्णुप्रयाग तक हर तरफ तबाही का मंजर ही दिखाई दे रहा है।
जोशीमठ नगर मे पहले छावनी बाजार-गांधीनगर, लोअर बाजार, रविग्राम के कोठलागढ़ व सुनील मे घर मकानों का दरकना शुरू हुआ और अब मनोहर बाग, सिंहधार व मारवाडी मे भीषण तबाही शुरू हो गई है।

मनोहरबाग व सिंहधार में मकानों के तहस नहस होने के बाद अब मारवाड़ी में कहर बरपाना शुरू हो गया है। मारवाड़ी में भूमि का फटना व धंसना जारी है तो जेपी कंपनी की कालोनी में भी भू धंसाव की प्रक्रिया ने तांडव मचा दिया है। जेपी कंपनी की कालोनी के करीब 64 घर भू धसाव की चपेट मे आ गए हैं। 25 रिटेनिग वाल व 25 के करीब टेरिस भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कंपनी ने अब तक 25 परिवारों व 31 इंजीनियरों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है।
स्थिति की भयावहता को देखते हुए बुधवार दोपहर बाद अपर जिलाधिकारी डॉ आशीष त्रिपाठी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सैनी ने तहसील प्रशासन के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। जोशीमठ के तहसीलदार रवि शाह के अनुसार टीम द्वारा मनोहर बाग से लेकर मारवाड़ी व अलकनंदा के तट तक निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि अब तक 27 प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है जबकि जेपी कंपनी द्वारा अपने कार्मिक प्रभावित परिवारों को स्वयं ही सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.