समाजवादी पार्टी ही हटा सकती है भाजपा को : अखिलेश यादव

झांसी। झांसी जेल में बंद सपा के पूर्व विधायक से मिलने पहुंचे पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने  राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी दल सपा ही भाजपा को मात दे सकती है और यही वजह है कि पार्टी के प्रमुख नेताओं के खिलाफ चुन चुनकर कार्रवाई की जा रही है तथा फर्जी मुकदमें दर्ज कराये जा रहे हैं।

यहां जिला जेल में सपा के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव से मुलाकात के बाद जेल परिसर के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री लोगों पर फर्जी मुकदमें लगाने के आदेश दे रहे हों तो फिर क्या हो सकता है। विरोधी नेता ही नही सच्चाई लिखने वाले पत्रकारों को भी नहीं बख्शा जा रहा है और उन पर भी एक के बाद एक मुकदमें लिखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा नेता दीप नारायण पूरी तरह से निर्दोष हैं जिन्हें एक सोची समझी साजिश के तहत जेल भेजा गया है।

उन्होंने न्यायपालिका पर पूरे भरोसे की बात कहते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि वह अदालत में निर्दोष साबित होंगे और जल्द ही जेल से रिहा होंगे। उन्होंने सरकार के इशारे पर सजा काट रहे सपा विधायक को जेल के नियमानुसार तय सुविधाएं भी सरकार के इशारे में नहीं दिये जाने का भी आरोप लगाया। श्री यादव ने कहा कि इस सरकार में सब एजेंसियां दबाव में हैं, अधिकारी दबाव में हैं और अब उनका एक ही काम है समाजवादी नेताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमें लिखो और जेल भेजो। इस सरकार मे किसान आत्महत्याएं कर रहें हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं।

पुलिस हिरासत में सर्वाधिक मौतें इस सरकार में हो रहीं हैं, बाजार पर चीन का कब्जा है और सरकार प्रोपेगेंडा में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद और राज्य की भाजपा सरकार पूरी तरह से असफल हैं। इसी असफलता को छिपाने के लिए मजबूत विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। केंद्र की सरकार को बने आठ साल हो गये और एक साल बाद चुनाव हैं, प्रधानमंत्री ने कितने वादे यहां किये क्या कोई बदलाव आया। जो काम आठ साल में नहीं हुआ वह अगले डेढ़ दो साल में कैसे हो जायेगा।

Leave a Reply