After Header-1

कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर लगाया आरोप -कहा, ‘‘कोविड नाटक’’ रच रही है सरकार

नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को पटरी से उतारने और इसे बदनाम करने के लिए पूरा ‘‘कोविड नाटक’’ रच रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ फरीदाबाद में दाखिल हुई और यह शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचेगी।

रमेश ने कहा कि उनकी पार्टी वैज्ञानिक सलाह पर आधारित एवं समान रूप से लागू किसी भी ‘प्रोटोकॉल’ का पालन करेगी। यात्रा हरियाणा के पहले चरण के अंतिम दिन शुक्रवार को फरीदाबाद में प्रवेश करने से पहले सुबह सोहना के खेरली लाला से फिर से शुरू हुई।

रमेश से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा राहुल गांधी को लिखे उस पत्र का हवाला देकर सवाल किया गया था, जिसमें मांडविया ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित नहीं होने की सूरत में यात्रा को स्थगित करने पर विचार किए जाने की बात कही है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘समान रूप से लागू और वैज्ञानिक एवं चिकित्सीय सलाह पर आधारित किसी भी प्रोटोकॉल का कांग्रेस पार्टी द्वारा पालन किया जाएगा। हमने हमेशा इसका पालन किया है।’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हम वह पार्टी नहीं हैं, जिसने यह समाधान दिया था कि कोविड की स्थिति (2020 में इसके प्रकोप के बाद) पर महाभारत युद्ध की तरह 18 दिनों में जीत हासिल कर ली जाएगी।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘एक सज्जन हैं, जिन्होंने कहा था कि हम 18 दिनों में कोविड की लड़ाई जीत लेंगे। अगर आपको याद हो तो एक सज्जन ने महामारी से निपटने के लिए भारतीयों को अपनी बालकनी में जाकर थाली बजाने की सलाह दी थी। ये कोविड से निपटने के लिए किए गए उपाय थे।

प्रधानमंत्री मोदी पर ‘‘टीवी पर दिखाने’’ के लिए मास्क पहनने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कल जिस तरह प्रधानमंत्री ने मास्क पहना, उसकी तुलना में मैंने अधिक समय तक मास्क पहना है।’’

Leave A Reply

Your email address will not be published.