78 वर्ष की उम्र में अभिनेत्री तबस्सुम गोविल का निधन

नई दिल्ली। अभिनेत्री तबस्सुम गोविल ने इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। वह 78 वर्ष की थीं। दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनका निधन हुआ है। वह अपने शो ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन’ के लिए लोकप्रिय थीं।

किसी पहचान की मोहताज नहीं थी तबस्सुम गोविल

तबस्सुम गोविल का जन्म 9 जुलाई 1944 को अयोध्या से हुआ था। उनके पिता अयोध्यानाथ सचदेव और असगरी बेगम स्वतंत्रता सेनानी थे। हालांकि, अभिनेत्री की पढ़ाई-लिखाई मुंबई में हुई। दावा किया जाता है कि तबस्सुम ने बहुत छोटी उम्र में ही फिल्मी दुनिया में कदम रख दिया था। वह जब पहली बार स्क्रीन पर आई थीं तब वह महज तीन साल की थीं। साल 1947 में रिलीज हुई फिल्म ‘मेरा सुहाग’ में उन्होंने बाल कलाकार की भूमिका निभाई थी। तबस्सुम ने फिल्म ‘दीदार’ में नरगिस के बचपन का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों को जीत लिया था। इसके बाद वह कई फिल्मों में नजर आईं।

सिनेमा के अलावा तबस्सुम का नाम टीवी की दुनिया में भी काफी ऊपर रहा है। उन्होंने पहले भारतीय टेलीविजन टॉक शो ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन’ की शुरुआत की। इस शो में वह सिनेमा जगत से जुड़े लोगों से खास बातचीत करती थीं। अभिनेत्री के इस शो को ढेर सारा प्यार मिला था। इसी वजह से यह शो दूरदर्शन पर एक या दो नहीं बल्कि पूरे 21 साल तक प्रसारित हुआ था। इस शो की शुरुआत साल 1972 में हुई थी और यह 1993 तक चला था।

Leave a Reply