इंडोनेशिया में महिला को निगल लिया था अजगर ने

जकार्ता। इंडोनेशिया की एक महिला को अजगर ने निगल लिया था। लापता महिला की तलाश में निकले लोगों को पास में ही एक विशाल अजगर मिला, जिसका पेट बहुत फूला हुआ था। स्थानीय लोगों ने उस अजगर को मार डालने के बाद जब उसका पेट चीरा तो महिला लगभग साबूत हालत में लेकिन मृत अवस्था में मिली।

स्थानीय पुलिस ने भी इस घटना की पुष्टि कर दी है। करीब पचास साल की इस महिला का नाम जाहरा बताया गया है। वह मूल रुप से रबर के प्लांटों से रबर एकत्रित करने का काम कर रही थी। रविवार की सुबह भी वह घर से इसी काम के लिए रवाना हुई थी।

रात को उसके घर नहीं लौटने पर घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह जब और गांव वालों को इस महिला के लापता होने की जानकारी मिली तो वे जंगल की तरफ गये। सुलेवासी के इस इलाके में ऐसे बड़े अजगर पहले से ही मौजूद हैं।
जालीदार चमड़े वाले इस अजगर को लोगों ने पड़ी हुई हालत में देखा तो वह समझ गये थे कि महिला के साथ क्या हुआ है। फिर भी पुष्टि के लिए इस अजगर का पेट काटकर उसके अंदर मौजूद महिला के शव को बरामद किया गया है। यहां के अजगर आकार में 32 फीट तक लंबे पाये गये हैं।

यह भी एक बड़े आकार का ही पाइथन था। वहां के पुलिस प्रमुख एकेपीएस हारिफा ने बताया कि सांप का पेट काटे जाने के बाद मृत शरीर लगभग सही सलामत अवस्था में ही पाया गया है। अनुमान है कि जंगल में कहीं पर घात लगाकर बैठे इस अजगर के अचानक हुए हमले से महिला को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

अपनी जकड़ से जान ले लेने के बाद अजगर से उस वीरान इलाके में उसे पूरा का पूरा निगल लिया था। पुलिस के मुताबिक रात को ही उसकी तलाश में निकले घरवालों को घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर उसके कपड़े और रबर प्लांटेशन में काम करने के औजार भी मिले थे।
मार डालने के बाद लोगों ने इस अजगर की लंबाई नापकर यह बताया है कि यह करीब 16 फीट लंबा अझगर था। इस इलाके में पहले भी अजगर के हमले में लोगों की मौत होने का रिकार्ड मौजूद है। वर्ष 2017 और 2018 में भी लोग अजगर का भोजन बन गये थे।

दरअसल इस सांप के जबड़े की बनावट ही कुछ ऐसी होती है कि वह उसे लगातार बड़ा कर सकता है। दूसरी तऱफ अपनी जकड़ में सांस घुटने की वजह से मर चुके शिकार को उसे धीरे धीरे निगल लेने में कोई परेशानी नहीं होती। बड़े आकार का हो जाने के बाद चूहा अथवा छोटे शिकार से उनका पेट नहीं भरता है। दुनिया में अजगर के हमले में घरेलु पशुओं की मौत कई स्थानों पर होने की सूचना है।

लेकिन कई बार अजगर अपने शिकार का आकलन करने में गलती भी कर जाता है। फ्लोरिडा के इलाके में एक बर्मिज पाइथन ने एक घड़ियाल को निगलने का प्रयास किया था। पानी के किनारे दोनों के बीच हुई जबर्दस्त लड़ाई में अंतत: दोनो ही मृत अवस्था में पाये गये थे। एक बार भरपेट भोजन कर लेने के बाद उसे बहुत दिनों तक फिर से भोजन की आवश्यकता नहीं होती है।

Leave a Reply