रूस ने दक्षिणी शहर खेरसॉन को खाली करने का दिया आदेश

नयी दिल्ली। यूक्रेन में रूस समर्थित प्राधिकार ने दक्षिणी शहर खेरसॉन के सभी निवासियों को यूक्रेन के संभावित आक्रमण से पहले तत्काल वहां से दूसरी जगह चले जाने का शनिवार को आदेश दिया।

संदेश भेजने में उपयोग किये जाने वाले मंच ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट साझा कर रूस के राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ समर्थित क्षेत्रीय शासन ने नागरिकों से नौका के जरिये नीपर नदी पार कर रूस के कब्जे वाले अंदरूनी क्षेत्रों में जाने की अपील की है। शासन ने इसके लिए यूक्रेन की गोलाबारी और हमलों के कथित खतरों का हवाला दिया है।

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने 36 मिसाइल दागी जिनमें अधिकतर को गिरा दिया गया। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘बेहद महत्वपूर्ण सुविधाओं पर ये हमला आतंकवादियों की विशिष्ट रणनीति हैं। दुनिया को इस आतंकवाद को रोकना चाहिए।’’ खेरसॉन फरवरी में रूसी आक्रमण किये जाने के बाद से रूस के नियंत्रण में है। यह शहर इसी नाम के क्षेत्र की राजधानी है। यह उन चार क्षेत्रों में शामिल है जिसे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले महीने अवैध रूप से रूस में मिला लिया और फिर वहां रूसी मार्शल लॉ लगा दिया।

शुक्रवार को, यूक्रेनी सेना ने प्रांत में रूसी मोर्चे पर बमबारी की और वे इसकी राजधानी पर पूर्ण हमला करने के और करीब पहुंच गये। वे क्रेमलिन समर्थित सेना के पुन:आपूर्ति मार्गों को निशाना बना रहे हैं। क्षेत्र में युद्ध के दौरान नीपर नदी काफी महत्वपूर्ण हो गई है क्योंकि रसद एवं सैन्य साजो-सामान की आपूर्ति, सैनिकों और नागरिकों के आवागमन, दक्षिणी यूक्रेन को पेयजल उपलब्ध कराने और एक जलविद्युत संयंत्र से बिजली उत्पादन करने में इसका उपयोग किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.