After Header-1

उत्तराखंड में एनसीसी के कार्यक्षेत्र में हो रहा विस्तार

सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए प्राप्त हुई हैैं करीब पांच हजार रिक्तियां

देहरादून। राज्य में एनसीसी के विस्तार और आधुनिकीकरण की कवायद की जा रही है। जिसके तहत सीमावर्ती इलाकों में भी एनसीसी के कार्यक्षेत्र को बढ़ाया जा रहा है।

उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचे एनसीसी के महानिदेशक ले जनरल गुरबीर पाल सिंह ने यह बात कही।

ले जनरल सिंह ने दून में एनसीसी निदेशालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निदेशालय की तमाम गतिविधियों की समीक्षा की। सभी ग्रुप कमांडर से प्रशिक्षण की स्थिति व सुविधाओं की बारीक जानकारी ली।

साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पुरस्कृत भी किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी देश का सबसे बड़ा युवा संगठन है, जो देश के युवाओं को बेहतर भविष्य देने, अच्छा व अनुशासित नागरिक बनाने ,हर क्षेत्र में लीडर बनने और देशभक्ति व राष्ट्रवाद की भावना पैदा करने को समर्पित है।

मीडिया के साथ सूक्ष्म बातचीत में उन्होंने कहा कि एनसीसी के प्रति युवाओं का रुझान काफी बढ़ा है। उत्तराखंड में बहुत से शिक्षण संस्थान एनसीसी लेने के लिए वेटिंग लिस्ट में हैैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में एनसीसी के विस्तार के लिए उत्तराखंड को करीब पांच हजार रिक्तियां प्राप्त हुई हैैं।

बताया कि अब आधुनिक प्रशिक्षण के साथ ही सिमुलेटर ट्रेनिंग और आनलाइन क्लासेस भी चलाई जा रही हैं। सिम्युलेटर ट्रेनिंग में हथियारों की फायरिंग के साथ ही फ्लाइंग, रोइंग आदि का प्रशिक्षण कैडेटों को दिया जा रहा है। फायरिंग व फ्लाइंग सिमुलेटर पर प्रशिक्षण उत्तराखंड में चल रहा है।

जल्द ही रोइंग सिमुलेटर भी स्थापित किया जा रहा है। इस दौरान एनसीसी निदेशालय उत्तराखंड के अपर महानिदेशक मेजर जनरल पीएस दहिया, ब्रिगेडियर वीएस तोमर आदि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.