भूजल स्तर पर रखें विशेष निगरानी : नीतीश

पटना।बिहार के मुखयमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को भूजल स्तर पर विशेष निगरानी रखने एवं स्तर को मेंटेन रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आज निर्देश दिया।

श्री कुमार ने यहां एक, अणे मार्ग स्थित संकल्प में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भूजल स्तर पर विशेष निगरानी रखें। जिन इलाकों में भूजल स्तर नीचे है, वहां इसे मेंटेन रखने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि हर घर नल के जल का रखरखाव ठीक ढंग से हो, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है ताकि लोगों के घरों तक निर्बाध रूप से जलापूर्ति होती रहे। किसी भी इलाके में लोगों के समक्ष जल की समस्या उत्पन्न न हो। भूजल स्तर का निरंतर अध्ययन कराते रहिये।

किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए भी कई काम शुरू किये गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गया, बोधगया, नवादा और राजगीर में लोगों के घरों तक गंगा जल पहुंचाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

इसी तरह जिन पंचायतों में भूजल स्तर की समस्या है वहां कैसे और क्या किया जाए, इस पर विशेष मंथन करें ताकि लोगों के समक्ष भविष्य में भी पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो। हर जगह गंगा नदी के जल को नही पहुंचाया जा सकता है इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था की दिशा में आवश्यक कदम उठायें।

भूजल स्तर नीचे जाने से जल संकट

कुमार ने कहा कि उत्तरी बिहार के दरभंगा और अन्य स्थानों पर जब भूजल स्तर नीचे जाने से जल संकट की स्थिति उत्पन्न हुई तब उन्होंने सभी राजनीतिक दलों की संयुक्त बैठक में जल-जीवन-हरियाली अभियान चलाने का निर्णय लिया। इस वर्ष वर्षापात कम होने से किसानों को धान की खेती में काफी समस्या हुई है।

उन्होंने खुद एरियल सर्वे के माध्यम से और सड़क मार्ग से भी स्थिति का जायजा लिया है। यह राहत की बात है कि इधर कुछ दिनों से बारिश हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों के घरों तक हर घर नल के जल की आपूर्ति सुबह, दोपहर और शाम को की जा रही है, यह अच्छी बात है।

यह हर हाल में सुनिश्चित हो कि हर घर नल के जल का लाभ लोगों को निर्बाध रूप से मिलता रहे। इसके लिए यदि कार्यबल बढ़ाने की जरूरत है तो इस दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार एवं अभियंता प्रमुख लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग अशोक कुमार उपस्थित थे।

Leave a Reply