बरेली। कक्षा सात की एक छात्रा ने आज खुदकुशी कर ली। छात्रा छेड़छाड़ से परेशान थी। मामला उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का हैं। छात्रा के परिजनों ने गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 13 वर्षीय छात्रा ने कुछ युवकों की छेड़छाड़ से परेशान होकर फांसी लगा ली थी।
छात्रा की मां ने युवक अमित पटेल (21 साल) के खिलाफ थाना बिथरीचैनपुर में रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अमित की तलाश कर रही है। सोमवार को पुलिस की तीन टीमें गिरफ्तारी के लिये भेजी गयी हैं। पीड़ित मां के मुताबिक बेटी शाम को एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाती थी।
काफी दिनों से पड़ोस का अमित पटेल छेड़छाड़ कर उसे परेशान कर रहा था। बुधवार को बेटी कोचिंग पढ़ने जा रही थी, तभी अमित ने उसे सरेराह रोक लिया और छेड़छाड़ करते हुए अश्लील बातें कहीं और किसी को बताने पर उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी।
इससे बेटी काफी परेशान हो गई। घर आकर उसने पिता को पूरा मामला बताया। पिता ने बेटी को काफी समझाया, लेकिन वह इस कदर आहत थी कि किसी से बिना कुछ बोले दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई। वहां कुंडे से रस्सी बांधकर फंदे पर लटक गई।