नि:शुल्क प्रिकॉशन डोज अभियान का योगी ने किया शुभारंभ

लखनऊ। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय में नि:शुल्क प्रिकॉशन डोज अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योगी ने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश ने सफल अभियान चलाया है।

उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत के कोविड प्रबन्धन को सर्वत्र सराहा गया है। सर्वाधिक कोविड वैक्सीनेशन की डोज देने वाला भारत दुनिया का एक प्रमुख देश है। भारत ने जिस प्रभावी ढंग से देश के 135 करोड़ लोगों को वैक्सीन उपलब्ध करायी है, वह दुनिया के लिए बहुत कौतूहल व आश्चर्य का विषय है। मुख्यमंत्री  ने कहा कि देश में सभी को निशुल्क वैक्सीन मिल रही है।

योगी ने इसे ‘अमृत डोज’ करार देते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष पर प्रिकॉशन डोज का विशेष अभियान भारत सरकार द्वारा प्रारम्भ किया गया है। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों को जिन्होंने कम से कम 06 माह या 26 सप्ताह पूर्व वैक्सीन की दूसरी डोज ले ली है, उन्हें अब प्रिकॉशन डोज ‘अमृत डोज’ के रूप में नि:शुल्क उपलब्ध करायी जायेगी।

उन्होंने कहा कि 75 दिनों का यह विशेष अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश में 12 करोड़ 08 लाख 21 हजार 597 लोग प्रिकॉशन डोज के लिए पात्र होंगे। उत्तर प्रदेश आबादी की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। भारत सरकार ने चरणबद्ध ढंग से कोविड वैक्सीनेशन का जो कार्यक्रम घोषित किया, उसे उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त की है।

यही कारण है कि अब तक प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 104 प्रतिशत लोगों ने वैक्सीन की प्रथम डोज तथा 98.11 प्रतिशत लोगों ने द्वितीय डोज प्राप्त कर ली है। योगी ने इस टीकाकरण अभियान की सफलता का दावा करते हुए प्रदेशवासियों से आजादी के अमृत महोत्सव पर 75 दिनों के प्रिकॉशन डोज का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कोरोना वैक्सीनेशन के प्रिकॉशन डोज अभियान की शुरूआत करते हुए सिविल अस्पताल में वैक्सीन लगवाने आये लोगों एवं वहां उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि कोरोना पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, लेकिन वायरस कुछ कमजोर हुआ है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की।

Leave a Reply