असम सरकार का अनुमान, बाढ़ से 3,000 करोड़ का नुकसान

गुवाहाटी। असम में बाढ़ से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।  सरकार ने अनुमान लगाया है। राज्य में कुल मिलाकर 187 तटबंध टूटे हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, 193 पुल और 3,611 सड़कें भी बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त हो गईं।

इस दौरान सौ से अधिक स्कूल, 80 अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र और 2,681 आंगनवाड़ी केंद्र भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके साथ ही करीब 30,000 लोगों ने अपना घर खो दिया है, लगभग 20,000 लोग ऊंचे स्थानों पर राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं।

बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने घोषणा की कि तटबंधों के पुनर्निर्माण का काम 2022 के अक्टूबर में शुरू होगा।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की एक रिपोर्ट के अनुसार, 10 जिलों में 3.79 लाख से अधिक लोग अभी भी प्रभावित हैं। इस साल राज्य भर में बाढ़ में मरने वाले लोगों की कुल संख्या 192 है, जिसमें 19 लोगों की मौत भूस्खलन से हुई है।

Leave a Reply