अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 3.50 करोड़ लोग करेंगे योगाभ्यास

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर 21 जून को उत्तर प्रदेश के 75000 स्थानों पर साढ़े तीन करोड़ से अधिक लोग योगाभ्यास करेंगे। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में योग दिवस पर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले 75 स्थानों पर विशेष कार्यक्रमों आयोजित हो रहे हैं, इनमें छह स्थल उत्तर प्रदेश में हैं।

यहां केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी होगी तो राज्य सरकार ने काशी, मथुरा, गोरखपुर, नैमिष धाम, चित्रकूट, बिठूर आदि जगहों पर सामूहिक योगाभ्यास के लिए खास तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष 3.50 करोड़ लोगों को योग दिवस आयोजन से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

योगी ने गुरुवार को उच्चस्तरीय बैठक कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योग, भारतीय मनीषा द्वारा विश्व को प्रदान किया गया वह अमूल्य उपहार है जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखता है।

हमारे ऋषि-मुनियों के इस प्रसाद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया को लाभान्वित कराया है। इस वर्ष 08वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘मानवता के लिए योग’ है। इसे सफल बनाने में हर प्रदेशवासी की भूमिका होनी चाहिए। उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित कराया जाए कि सभी 58,000 ग्राम पंचायत, 14,000 नगरीय वार्ड के लोग कार्यक्रम से जुड़ें।

इस प्रकार, 3.50 करोड़ लोगों को योग से जोड़ने का लक्ष्य लेकर वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाए। जगह-जगह लाइव टेलीकास्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा चयनित प्रदेश में छह स्थलों सारनाथ (वाराणसी), रेजीडेंसी (लखनऊ), अयोध्या, कुशीनगर, फतेहपुर सीकरी (आगरा) और हस्तिनापुर (मेरठ) में वृहद आयोजन की तैयारी करें। यहां केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति होगी।

 

Leave a Reply